पश्चिम एशिया में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं, खासकर ईरान के यूएई पर हमलों के बढ़ते खतरे के बीच। क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ते देख, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। पीएम ने इन वार्ताओं में हालात की समीक्षा की और भारत की एकजुटता जाहिर की। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
पोस्ट में पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा पर विचार-विमर्श किया और भारत की चिंताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करना जरूरी है। पीएम ने सभी पक्षों से शांति स्थापित करने की अपील की।
यूएई के राष्ट्रपति से हुई बातचीत
पीएम मोदी ने शेख मोहम्मद बिन जायद से बातचीत में यूएई पर हुए हमलों की निंदा की और हमलों में हुई हताहतियों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जोर दिया कि भारत इस मुश्किल समय में यूएई के साथ खड़ा है।
इस दौरान उन्होंने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद भी किया। देश में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक काम और निवास कर रहे हैं, और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार लगातार संपर्क में है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत क्षेत्र में स्थिरता, सुरक्षा और शांति का समर्थन करता है और सभी पक्षों को मिलकर तनाव कम करने की दिशा में काम करना चाहिए।
भारतीय नागरिकों की स्थिति
अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि हमलों में घायल भारतीय नागरिक का अस्पताल में इलाज हुआ और वे सुरक्षित हैं। दूतावास लगातार स्थानीय अधिकारियों और अस्पताल प्रशासन से संपर्क में है और घायलों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है।
हमलों और नुकसान का विवरण
यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार ईरान के हमलों में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 58 लोग हल्के रूप से घायल हुए। घायल लोगों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हमलों के दौरान कई स्थानों पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
यूएई सेना ने बताया कि हमलों में 165 बैलिस्टिक मिसाइल, 2 क्रूज मिसाइल और 541 ड्रोन इस्तेमाल किए गए। इनमें से 506 ड्रोन को हवा में ही रोक लिया गया, जबकि 35 ड्रोन जमीन पर गिरने से मामूली नुकसान हुआ। सुरक्षा बल लगातार हवाई हमलों को नाकाम करने में लगे हुए हैं।