मेघालय में हनीमून पर गए इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। राज्य के डीजीपी आई. नोंग्रांग ने बताया कि इस हत्या की साजिश खुद राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ने रची थी और उसने पेशेवर हत्यारों को सुपारी दी थी। मामले में सोनम सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस ने महज सात दिनों में अहम सफलता हासिल करते हुए मध्य प्रदेश के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोनम ने भी उत्तर प्रदेश में आत्मसमर्पण कर दिया है। एक और आरोपी की तलाश अभी जारी है।
डीजीपी के अनुसार, राजा की हत्या में शामिल हमलावरों में से एक को उत्तर प्रदेश से, जबकि दो अन्य को इंदौर से पकड़ा गया है। सोनम ने गाजीपुर जिले के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि हत्या के लिए उन्हें सोनम ने ही पैसे देकर भेजा था। मध्य प्रदेश में अभी भी कुछ और संदिग्धों की तलाश जारी है।
यह मामला तब सामने आया जब इंदौर से मेघालय घूमने आए इस दंपती के 23 मई से लापता होने की खबर मिली थी। शुरुआत में माना गया था कि घने जंगलों और दूरदराज क्षेत्र के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। लेकिन 2 जून को राजा का शव करीब 150 फीट गहरी खाई में मिलने के बाद मामला हत्या में बदल गया।
शव की पहचान टैटू से हुई थी, क्योंकि शव सड़ चुका था और चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। शव जिस स्थान पर मिला, वह लोकेशन दंपती की किराए की स्कूटी से लगभग 25 किलोमीटर दूर थी, जिससे शक और गहराया। राजा का मोबाइल, पर्स, गहने मौके से गायब थे, सिर्फ उसकी स्मार्टवॉच ही मिली।
एक स्थानीय पर्यटक गाइड के बयान से मामले की कड़ियाँ जुड़ती नजर आईं। गाइड अल्बर्ट पैड ने बताया कि 23 मई की सुबह उन्होंने राजा और सोनम को तीन अन्य पुरुषों के साथ मावलाखियात की ओर जाते हुए देखा था। उन्होंने बताया कि चारों पुरुष आगे चल रहे थे और महिला पीछे-पीछे थी। वे हिंदी में बात कर रहे थे, हालांकि वह खुद केवल खासी और अंग्रेजी जानते हैं। गाइड ने बताया कि दंपती और उनके साथ आए पुरुषों ने शिपारा होमस्टे में रात बिताई थी, लेकिन अगली सुबह बिना किसी गाइड के वापस लौट गए।
बाद में दंपती का स्कूटर मावलाखियात से कई किलोमीटर दूर सोहरारिम में मिला, जिसमें चाबी भी लगी थी। इससे मामला और संदिग्ध हो गया।