नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके ताजा बयान को "गंभीर और गैरजिम्मेदाराना" बताया है। भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत को "फ्रॉड" करार देकर न केवल चुनाव आयोग बल्कि देश की जनता का भी अपमान किया है।
राहुल गांधी ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया था कि 2024 के आम चुनावों में भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव आयोग ने गड़बड़ियां कीं। उन्होंने कर्नाटक की एक सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मतदाता आंकड़ों के विश्लेषण से यह बात सामने आई है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर "अपराध की साजिश" में शामिल होने का आरोप भी लगाया।
इस पर पलटवार करते हुए भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी का यह बयान शर्मनाक और बेहद गैरजिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने न सिर्फ चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया, बल्कि देश की लोकतांत्रिक प्रणाली और मतदाताओं की समझ का भी अपमान किया है।
प्रसाद ने कहा, "नरेंद्र मोदी 2014 से लगातार जनादेश के साथ जीतते आ रहे हैं और राहुल गांधी इन सभी जीतों को फर्जी बता रहे हैं। क्या जनता की पसंद को भी आप झूठा कहेंगे?" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी स्वयं कई मानहानि मामलों में जमानत पर हैं, लेकिन फिर भी दूसरों पर आरोप लगाने से नहीं चूकते।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता की यह प्रतिक्रिया उनकी हताशा और कुंठा को दर्शाती है, क्योंकि जनता लगातार कांग्रेस को नकारती रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान कांग्रेस की नकारात्मक सोच को उजागर करते हैं और यही कारण है कि लोग कांग्रेस से दूर होते जा रहे हैं।