कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी के मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह 3 फरवरी 2026 को नई कार्रवाई शुरू की। केंद्रीय एजेंसी की टीमें कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल, बर्द्धमान समेत कुल नौ स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई का मुख्य मकसद तस्करी से जुड़े धन के लेन-देन और उसे 'हवाला' के जरिए छुपाने के तरीकों का पता लगाना है। ईडी डिजिटल सबूत और दस्तावेज़ों की जांच कर इस वित्तीय ट्रेल को ट्रैक कर रही है।
दुर्गापुर में बालू कारोबारियों के ठिकानों पर भी दबिश दी गई। सुबह करीब 6 बजे से सेपको टाउनशिप में एक बालू व्यापारी के घर की तलाशी ली जा रही है। साथ ही, सिटी सेंटर के आंबेडकर सरणी और पांडवेश्वर, कांकसा के एनएच-19 के किनारे स्थित स्थानों पर भी कार्रवाई जारी है।
जांच में सामने आया है कि ये कारोबारी अजय और दामोदर नदी से बालू निकालने के काम में शामिल हैं। आरोप है कि वैध टेंडर का बहाना बनाकर उन्होंने बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया और एक ही चालान को कई बार इस्तेमाल कर बीरभूम जिले से पश्चिम बर्द्धमान जिले तक बालू की तस्करी की। इन गतिविधियों के जरिए उन्होंने कम समय में भारी संपत्ति जुटाई।