नई दिल्ली: एयर इंडिया के एक पायलट ने सोमवार को बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में फ्यूल कंट्रोल स्विच से जुड़ी संभावित तकनीकी खामी की सूचना दी, जिसके बाद एहतियातन विमान को आगे उड़ान भरने से रोक दिया गया। यह घटना हाल ही में हुए ड्रीमलाइनर विमान हादसे की जांच के बीच सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, यह विमान लंदन से उड़ान भरकर सोमवार सुबह बेंगलुरु पहुंचा था और इसमें 200 से ज्यादा यात्री सवार थे। जांच के दौरान पाया गया कि फ्यूल कंट्रोल स्विच, जो सामान्य रूप से ‘रन’ मोड में रहना चाहिए था, वह ‘कट-ऑफ’ की ओर बढ़ता हुआ नजर आया। यह स्विच इंजन को चालू और बंद करने की प्रक्रिया को नियंत्रित करता है।

हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उड़ान के किस चरण में पायलट को इस असामान्य स्थिति का पता चला।

एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि पायलट द्वारा स्विच में संभावित खराबी की सूचना दिए जाने के बाद विमान को ग्राउंड कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए ओईएम (मूल उपकरण निर्माता) से संपर्क किया गया है और इसकी जानकारी डीजीसीए को भी दे दी गई है।

पहले हुए हादसे से जुड़ रहे सवाल

गौरतलब है कि इससे पहले हुए ड्रीमलाइनर विमान हादसे में 260 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद फ्यूल कंट्रोल सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में यह सामने आया था कि उड़ान भरने के तुरंत बाद ईंधन की आपूर्ति अचानक बंद हो गई थी

इसी बीच, गैर-लाभकारी संस्था सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन ने भी बताया है कि हालिया उड़ान के दौरान विमान के बाएं इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच में असामान्य गतिविधि दर्ज की गई थी।

फिलहाल विमान की तकनीकी जांच जारी है और सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने के बाद ही उसे दोबारा परिचालन में लाने पर निर्णय लिया जाएगा।