मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में मंगलवार को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कुल मिलाकर लगभग 95 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के नाम हटे हैं, उन्हें पुनः शामिल होने का अवसर मिलेगा। अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी, जिस पर अंतिम निर्णय निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी करेंगे।

केरल में 24 लाख से अधिक नाम सूची से बाहर

केरल में एसआईआर प्रक्रिया के तहत तैयार मसौदा मतदाता सूची में 2 करोड़ 54 लाख 42 हजार 352 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि 24 लाख 8 हजार 503 नाम हटाए गए हैं। पुनरीक्षण से पहले राज्य की मतदाता सूची में 2 करोड़ 78 लाख 50 हजार 855 मतदाता थे। हटाए गए नामों में 6 लाख 49 हजार 885 मृत मतदाता, 6 लाख 45 हजार 548 ऐसे मतदाता जिनका पता नहीं चल सका, तथा 8 लाख 16 हजार 221 मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित पाए गए। इसके अलावा 1 लाख 36 हजार 29 डुप्लिकेट और अन्य श्रेणियों में 1 लाख 60 हजार 830 नाम शामिल हैं। हटाए गए नामों का प्रतिशत 8.65 रहा। मसौदा सूची पर आपत्तियां 22 जनवरी तक ली जाएंगी और अंतिम सूची 21 फरवरी को जारी होगी।

मध्य प्रदेश में 42.74 लाख नाम कटे

मध्य प्रदेश में जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार राज्य के 5 करोड़ 74 लाख 6 हजार 143 मतदाताओं में से 42 लाख 74 हजार से अधिक नाम हटाए गए हैं। एसआईआर के दौरान 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए। हटाए गए नामों में 31.51 लाख मतदाता ऐसे पाए गए जो स्थानांतरित हो चुके थे या अनुपस्थित मिले, 8.46 लाख मतदाता मृत पाए गए और 2.77 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे। आयोग ने बताया कि कुछ मामलों में प्रपत्र प्राप्त न होने के पीछे अन्य राज्यों में पंजीकरण, समय सीमा में फॉर्म न देना या मतदाता की रुचि न होना जैसे कारण रहे। डुप्लिकेट नाम केवल एक स्थान पर ही रखे जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में 27.34 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए

छत्तीसगढ़ में एसआईआर के तहत कुल 2 करोड़ 12 लाख मतदाताओं में से 27 लाख 34 हजार नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं। इस दौरान 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 मतदाताओं से एनरोलमेंट फॉर्म प्राप्त हुए। जांच में 6 लाख 42 हजार 234 मतदाता मृत पाए गए, 19 लाख 13 हजार 540 मतदाता स्थानांतरित या अनुपस्थित मिले, जबकि 1 लाख 79 हजार 43 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए।

अंडमान-निकोबार में 64 हजार नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं

अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में एसआईआर अभियान के बाद जारी मसौदा सूची में कुल 3 लाख 10 हजार 404 मतदाताओं में से लगभग 64 हजार नाम शामिल नहीं किए गए हैं। यहां 2 लाख 46 हजार 390 गणना फॉर्म वापस मिले। ड्राफ्ट सूची के अनुसार 9 हजार 191 मतदाता मृत पाए गए, 51 हजार 906 मतदाता अन्य स्थानों पर शिफ्ट हो चुके थे और 2 हजार 917 मतदाताओं के नाम दो बार दर्ज पाए गए।