गुवाहाटी। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनके परिवार के पाकिस्तान से कथित संबंधों को लेकर विवाद तेजी से बढ़ रहा है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि इस मामले की जांच कर रही एसआईटी की रिपोर्ट में गोगोई परिवार और अली तौकीर शेख के पाकिस्तान से सीधे संबंधों के प्रमाण मिले हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट देखकर राज्य कैबिनेट भी हैरान रह गया।
सेंट्रल एजेंसी से होगी आगे की जांच
सीएम सरमा ने बताया कि एसआईटी ने इस मामले की विस्तृत जांच कर सरकार को रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर राज्य कैबिनेट ने इसे गंभीर मानते हुए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए मामला अब गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा।
गौरव गोगोई की पत्नी के पाकिस्तान से संबंध
सरमा ने आरोप लगाया कि सांसद गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई मार्च 2011 से मार्च 2012 तक पाकिस्तान में कार्यरत रही हैं। इसके दौरान उनके परिवार के संबंध अली तौकीर शेख के साथ गहरे रहे, जो कथित तौर पर पाकिस्तान के हितों के लिए काम करता रहा है।
पुरानी तस्वीर से उठे सवाल
मुख्यमंत्री ने बताया कि गौरव गोगोई की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह कुछ युवाओं के साथ भारत में पाकिस्तान के दूतावास गए थे। उस समय पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित पद पर थे। सरमा ने कहा कि यह तस्वीर देखकर लगा कि पाकिस्तान को वैध ठहराने की कोशिश की गई। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा के लिए संवेदनशील मामला बताया।
अली तौकीर शेख पर भी संदेह
सरमा ने अली तौकीर शेख पर आरोप लगाया कि वह खुद को पर्यावरणविद बताते हैं, लेकिन असल में भारत-पाकिस्तान संबंधों में पाकिस्तान के पक्ष में काम करते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि शेख कम से कम 18 बार भारत आ चुके हैं, जो सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस का पलटवार
वहीं, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने इन आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए यह विवाद खड़ा कर रहे हैं।