देश की अग्रणी घरेलू विमानन कंपनी इंडिगो को गुरुवार को मौसम की मार झेलनी पड़ी। खराब मौसम और परिचालन संबंधी कारणों से एयरलाइन ने कुल 67 उड़ानें रद्द कर दीं। कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, इनमें से सिर्फ चार फ्लाइट्स ऑपरेशनल वजहों से रद्द हुईं, जबकि शेष उड़ानें प्रतिकूल मौसम पूर्वानुमान के चलते संचालन से बाहर रहीं। इस दौरान आगारतला, चंडीगढ़, देहरादून, वाराणसी और बेंगलुरु जैसे प्रमुख हवाईअड्डों पर उड़ान सेवाएं सबसे अधिक प्रभावित रहीं।
गौरतलब है कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सर्दियों के मौसम को देखते हुए 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक की अवधि को ‘फॉग विंडो’ घोषित किया है। इस दौरान एयरलाइंस के लिए विशेष सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है। नियमों के तहत केवल वही पायलट तैनात किए जा सकते हैं, जिन्हें कम दृश्यता में उड़ान संचालन का प्रशिक्षण मिला हो। साथ ही विमानों का CAT-IIIB श्रेणी का होना जरूरी है, जिससे घने कोहरे में भी सुरक्षित लैंडिंग संभव हो सके।
यात्रा सलाह और यात्रियों की नाराजगी
इंडिगो ने अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में बताया है कि बेंगलुरु में कम दृश्यता और धुंध के कारण उड़ानों पर असर पड़ा है। हालांकि, यात्रियों की परेशानी भी सामने आई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यात्री ने शिकायत करते हुए बताया कि उनकी भुवनेश्वर-अहमदाबाद और वापसी की उड़ानें तीन से पांच घंटे तक देर से चलीं। उन्होंने लिखा कि वे अपने वरिष्ठ नागरिक माता-पिता के साथ यात्रा कर रहे थे और इतना लंबा विलंब बेहद असुविधाजनक रहा।
CAT-III तकनीक क्या है?
धुंध और कोहरे के मौसम में सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरलाइंस को CAT-III एडवांस नेविगेशन सिस्टम का उपयोग करना होता है। CAT-III-A तकनीक के जरिए विमान 200 मीटर रनवे विजुअल रेंज (RVR) में भी उतर सकता है, जबकि CAT-III-B प्रणाली 50 मीटर से कम दृश्यता में भी सुरक्षित लैंडिंग की क्षमता प्रदान करती है।
उड़ानों की संख्या में कटौती
इंडिगो को पहले प्रति सप्ताह 15,014 घरेलू उड़ानों की अनुमति थी, यानी औसतन 2,144 उड़ानें प्रतिदिन। लेकिन दिसंबर में पायलटों के नए विश्राम नियम लागू होने के बाद एक ही दिन में 1,600 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इसके बाद सरकार ने एहतियातन एयरलाइन की उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती कर दी। मौजूदा समय में इंडिगो को प्रतिदिन लगभग 1,930 उड़ानों के संचालन की अनुमति है।
डीजीसीए की सख्त नजर
दिसंबर के पहले सप्ताह में बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के बाद यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीसीए ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जो एयरलाइन की योजना, क्रू की उपलब्धता और संचालन व्यवस्था की समीक्षा कर रही है। समिति इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीओओ इसिड्रे पोरक्वेरस से पूछताछ कर चुकी है और इस सप्ताह अपनी रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है।