नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को सौंपा है।
सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि अन्नामलाई ने मंगलवार को नई दिल्ली में नितिन नवीन के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष से भी मुलाकात की और लगभग पांच पन्नों का विस्तृत इस्तीफा सौंपा।
नई राजनीतिक पार्टी की तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, के. अन्नामलाई अब एक नई क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी के गठन की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि यह प्रस्तावित संगठन “तमिल-प्रथम” और “विकास-केन्द्रित” विचारधारा के साथ आगे बढ़ सकता है।
सूत्रों का कहना है कि यह नया राजनीतिक मंच अगले छह से आठ महीनों के भीतर लॉन्च किया जा सकता है और इसका उद्देश्य तमिलनाडु की राजनीति में एक वैकल्पिक ताकत के रूप में खुद को स्थापित करना होगा, जो बीजेपी और द्रविड़ दलों दोनों को चुनौती दे सके।
करीबी लोगों के अनुसार, अन्नामलाई एक ऐसा राजनीतिक प्लेटफॉर्म तैयार करना चाहते हैं जो तमिल पहचान को राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ जोड़ते हुए मुद्दा-आधारित राजनीति को प्राथमिकता दे।
बीजेपी से दूरी की वजह
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से अन्नामलाई और बीजेपी नेतृत्व के बीच रणनीतिक मुद्दों को लेकर मतभेद चल रहे थे। खासकर तमिलनाडु में गठबंधन राजनीति और उम्मीदवार चयन को लेकर असहमति की स्थिति बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि AIADMK के साथ गठबंधन को लेकर लिए गए फैसलों और हालिया राजनीतिक रणनीति से असंतुष्टि के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है, जिसके बाद अब उनके पार्टी से अलग होने की पुष्टि हुई है।