सुल्तानपुर के गोसाईगंज के भटपुरा पूरे अनंतराम निवासी रोहित की गिरफ्तारी ने उसके परिवार और गांव में चौंकाने वाली स्थिति पैदा कर दी है। आरोप है कि रोहित ने जहाज निर्माण और पोत संबंधी गोपनीय डेटा पाकिस्तान भेजा। परिजनों का कहना है कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। रोहित छह माह में एक बार ही घर आता था और आस-पड़ोस के लोग उसे शांत स्वभाव का जानते थे।

रोहित का घर दो कमरे का है, जिसमें उसकी मां बिज्मा, पत्नी रीमा और पांच वर्षीय बेटी ऋषिका रहती हैं। शनिवार को उसके घर पहुंची गोसाईगंज पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार, रोहित 29 अक्तूबर को केरल से घर आया था। परिजन बताते हैं कि 16 नवंबर को केरल और गोसाईगंज पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए अन्य व्यक्ति में जयसिंहपुर के हमजाबाद मैधन निवासी संतरी भी शामिल हैं।

रोहित के पिता लल्ले ने कुछ साल पहले उसे केरल लेकर गए थे। वहां रोहित शिप में इंसुलेशन लगाने का काम करता था। फरवरी में पिता की मौत के बाद वह वहीं रहा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहित के मोबाइल से विदेशी नंबरों पर संवेदनशील सूचनाएं भेजी गईं। इसमें रक्षा जहाजों, कार्गो जहाजों और अन्य तकनीकी जानकारियां शामिल हो सकती हैं। जांच एजेंसियां मोबाइल में मिले चैट, दस्तावेज और मीडिया फाइलों की फॉरेंसिक जांच कर रही हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि यह जासूसी कब से चल रही थी और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क है।