दिल्ली। हाल ही में ललित मोदी ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में ताना मारते हुए कहा कि वह और विजय माल्या भारत के “दो सबसे बड़े भगोड़े” हैं। यह पोस्ट बाद में हटा दी गई। वीडियो में मोदी और माल्या यह कहते सुने गए, "हम दो भगोड़े हैं, भारत के सबसे बड़े भगोड़े।" पोस्ट के कैप्शन में भी उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "मुझे फिर से इंटरनेट को ठप करने दो। आप लोगों के लिए कुछ। जलन से अपना दिल जलाओ।"

मोदी के इस पोस्ट के बाद भारत में उनके और विजय माल्या के प्रत्यर्पण को लेकर आलोचना शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर उनकी मौज-मस्ती भरी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने लगे, जिससे सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे।

विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि सरकार सभी भगोड़ों को भारत लौटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया, "हम कानूनी रूप से वांछित सभी व्यक्तियों को देश वापस लाने के लिए कई देशों के साथ बातचीत कर रहे हैं। कई मामलों में कानूनी जटिलताएं हैं, लेकिन हमारी प्रतिबद्धता है कि ये लोग भारत लौटें और अदालत में मुकदमे का सामना करें।"

विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि भगोड़ों को वापस लाने के प्रयास लगातार जारी हैं और सरकार किसी भी कानूनी बाधा को दूर करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।