हैदराबाद। तेलंगाना में आय से अधिक संपत्ति के मामलों में अब तक ज्यादातर पुरुष अधिकारियों के नाम सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार एक महिला तहसीलदार से जुड़ा मामला सुर्खियों में है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार टी. सुचरिता के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति मामले में एक बार फिर व्यापक तलाशी अभियान चलाया है।
बताया जा रहा है कि सुचरिता पहले से ही एक अलग रिश्वतखोरी मामले में जांच एजेंसियों की हिरासत में हैं, और इसी जांच के दौरान उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान एसीबी को कई महत्वपूर्ण संपत्तियों और दस्तावेजों का पता चला है। जांच टीम ने सिद्दीपेट जिले के दमरकुंटा गांव में 2.17 एकड़ कृषि भूमि, हैदराबाद में तीन फ्लैट और कीसारा तथा खानमेट क्षेत्रों में दो प्लॉट से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
इसके अलावा जांच में 12 लाख रुपये नकद, करीब 38 लाख रुपये का बैंक बैलेंस और लगभग 1.20 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। साथ ही उनके आवास से दो वाहन—फॉक्सवैगन और हुंडई क्रेटा—भी मिले हैं।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, बरामद संपत्तियों की दस्तावेजी कीमत ही 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है, जबकि वास्तविक बाजार मूल्य इससे कई गुना ज्यादा होने की संभावना है।