रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हतनारा में गुरुवार देर रात मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ताजिए के हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से करंट फैल गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 15 लोग झुलस गए। कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे गांव में ताजियों का चल समारोह निकाला जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग ताजिए के साथ चल रहे थे। अचानक जुलूस के दौरान एक ताजिया 15 फीट से अधिक ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही ताजिए में करंट फैल गया और वहां मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए।

करंट लगने से कई लोग मौके पर ही झुलसकर गिर पड़े, जबकि कुछ लोग धक्का-मुक्की और गिरने से भी घायल हो गए। अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने 32 वर्षीय राशिद खान (निवासी हतनारा) और 40 वर्षीय सड्डू (निवासी हतनारा) को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

घायलों में अख्तियार खान, अनस, शकील, रईस, मोहम्मद खान, वाहिद खान, अरबाज खान, इब्राहिम, इरफान, फारूख और रहीम सहित कई लोग शामिल हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। कुछ घायलों को निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है।

हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ताजिए के आसपास अफरा-तफरी और लोगों को घायलों को उठाते हुए देखा जा सकता है। सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं। मामले की जांच की जा रही है तथा अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।