रामगढ़। झारखंड के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लारी गांव के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ, जब एक पिकअप वाहन और कोयला लदे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन में सवार सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल युवक को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ताशा पार्टी से जुड़े थे। वे मुहर्रम के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। मृतकों में दो युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच कुजू के बलसगरा गांव के निवासी बताए गए हैं। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच थी।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक पिकअप वाहन गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान लारी बुध बाजार के समीप होटल सम्राट के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

दुर्घटना के बाद रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।