चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से इनकार कर सुर्खियों में आईं मुस्कान प्रधान अब अन्य युवतियों और परिवारों के लिए प्रेरणा बनेंगी। उनके साहसिक निर्णय को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने उन्हें सम्मानित किया है और परिवार परामर्श केंद्र में महिला काउंसलर की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
मुस्कान का यह कदम पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने सामाजिक दबाव को नजरअंदाज करते हुए अपने भविष्य और आत्मसम्मान को प्राथमिकता दी और नशे की हालत में पहुंचे दूल्हे से विवाह करने से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह घटना 23 जून की है, जब ग्राम खोखरा से बरात ग्राम कोसमंदा पहुंची थी। शादी की रस्मों के दौरान दूल्हा संतकुमार राय नशे की हालत में पाया गया, जिससे वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। यह स्थिति देखकर दुल्हन पक्ष ने आपत्ति जताई।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन मुस्कान अपने फैसले पर अडिग रहीं। मामला बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और अंततः स्थिति को शांत कराया गया। बाद में बरात बिना विवाह संपन्न हुए वापस लौट गई।
मुस्कान के इस फैसले को समाज में महिलाओं के आत्मसम्मान और जागरूकता की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।