कुर्ला पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई में बेस्ट बस हादसे में घायल हुई एक महिला की मदद करने के बहाने उसके सोने के आभूषण कथित तौर पर चुरा लिए। वहीं एक वायरल वीडियो में एक व्यक्ति दूसरों से कह रहा है कि वह महिला के आभूषण सुरक्षित रखने के लिए ले जा रहा है और उसके रिश्तेदारों को इसकी सूचना देगा।
परिवार की शिकायत के आधार पर केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि उसके परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ कीमती सामान की चोरी का मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, फातिमा कनीज अंसारी उन सात लोगों में शामिल हैं, जिनकी सोमवार को कुर्ला इलाके में बेस्ट बस की चपेट में आने से मौत हो गई।
मदद के बहाने शख्स ने चुराए कीमती सामान
एक अधिकारी ने बताया कि फातिमा अंसारी एक अस्पताल में अटेंडेंट के तौर पर काम करती थी, जब वह एसजी बर्वे मार्ग पर एक इमारत के बाहर इंतजार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार बेस्ट बस ने उसे टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि वह एक कार के नीचे फंसी हुई मिली, अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मदद करने का बहाना करते हुए उसकी सोने की चूड़ियां और मोबाइल फोन चुरा लिया।
सोने की चूड़ियां चुराई, मोबाइल फोन लौटाया- परिजन
इस मामले में मृतका के रिश्तेदारों ने दावा किया कि उसकी मौत के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी चूड़ियां चुरा लीं, जबकि उसका मोबाइल फोन वापस कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने गुरुवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (चोरी) और 315 (मृत्यु के समय मृतक के पास मौजूद संपत्ति का बेईमानी से दुरुपयोग) के तहत अज्ञात अपराधी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कुर्ला में बेकाबू बस ने 50 लोगों को मारी थी टक्कर
बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) उपक्रम की तरफ से संचालित बेकाबू इलेक्ट्रिक बस ने सोमवार रात करीब 9.30 बजे कुर्ला (पश्चिम) में एसजी बर्वे मार्ग पर पैदल यात्रियों और वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई और 'बंदोबस्त' ड्यूटी पर तैनात चार पुलिसकर्मियों समेत 42 अन्य घायल हो गए। इसके अलावा, इस दुर्घटना में 22 वाहन भी नुकसान पहुंचा है।