नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड (AATS) और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी हाल ही में द्वारका क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी।

पहले से मिली थी सूचना

AATS टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात लगरपुरिया गैंग के दो सदस्य श्याम बिहार इलाके में मौजूद हैं। इसी आधार पर पुलिस ने इलाके में ट्रैप लगाकर घेराबंदी की।

गिरफ्तारी के दौरान फायरिंग

जैसे ही पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को रोका और सरेंडर करने को कहा, उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।

इसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को मौके पर ही काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।