मैसूर। कर्नाटक के मैसूर शहर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब आरटी नगर इलाके के दत्तागल्ली के पास स्थित ‘फॉक्स डेन लिकर गैराज बार एंड रेस्टोरेंट’ में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया गया कि आग लगते ही कुछ ही मिनटों में पूरे रेस्तरां में धुआं और लपटें फैल गईं, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बचाव का रास्ता मुश्किल हो गया।

दो कर्मचारियों की मौत, सात घायल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दार्जिलिंग निवासी साहिन (26) और नेपाल के प्रकाश (24) के रूप में हुई है। दोनों इसी रेस्टोरेंट में कार्यरत थे और आग के दौरान अंदर फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

25 से अधिक लोग मौजूद थे

घटना के समय रेस्टोरेंट के अंदर 25 से ज्यादा लोग मौजूद थे। आग और घने धुएं के कारण कई लोग बाहर निकलने में असमर्थ रहे। सात लोगों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोग धुएं के कारण बेहोश हो गए, जबकि कुछ भागने के प्रयास में घायल हुए।

रेस्क्यू के दौरान मचा हड़कंप

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। चश्मदीदों के अनुसार, धुआं इतना घना था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था और एग्जिट रास्ते भी बाधित हो गए थे।

बताया जा रहा है कि घबराहट में कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से छलांग भी लगा दी, जिससे वे घायल हो गए। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।