कसौली (हिमाचल प्रदेश): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने शनिवार को ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बहुत बड़ी गलती थी, जिसकी कीमत तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। चिदंबरम ने यह बात हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित खुशवंत सिंह साहित्य महोत्सव में कही।
इस अवसर पर चिदंबरम ने पत्रकार हरिंदर बावेजा की पुस्तक They Will Shoot You, Madam पर चर्चा में भाग लिया, जिसमें ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद बने हालात पर प्रकाश डाला गया है। चिदंबरम ने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार का फैसला केवल इंदिरा गांधी का नहीं था, बल्कि यह एक संयुक्त निर्णय था जिसमें सेना, पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सिविल सेवा के अधिकारी शामिल थे। इसके बावजूद केवल इंदिरा गांधी को दोषी ठहराया जाना उचित नहीं है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मैं किसी भी सैन्य अधिकारी का अनादर नहीं कर रहा हूं, लेकिन ऑपरेशन ब्लू स्टार स्वर्ण मंदिर को पुनः प्राप्त करने का गलत तरीका था। बाद में हमने सेना को बाहर रखते हुए सही मार्ग अपनाया और मंदिर पर नियंत्रण स्थापित किया।"
इसके अलावा चिदंबरम ने पंजाब की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में खालिस्तान की मांग पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। अब वहां की वास्तविक समस्या आर्थिक हालात और अवैध प्रवासियों से जुड़ी है, जिनके कारण लोग पंजाब छोड़कर विदेशों में रह रहे हैं।
पी. चिदंबरम अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। उनके हालिया बयान पर भी राजनीतिक हलचल देखी जा रही है, जिसमें कई बार भाजपा ने उन्हें निशाना बनाया है।