असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास एक से अधिक पासपोर्ट रखने के आरोपों के बाद, वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा मुश्किल में फंसते दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार, 7 अप्रैल को निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर असम क्राइम ब्रांच की टीम जांच के लिए पहुंची। उनके घर पर यह कार्रवाई उनकी पत्नी द्वारा असम पुलिस में प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराने के बाद की गई है। इस दौरान दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

पवन खेड़ा ने पहले मुख्यमंत्री की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके पास तीन पासपोर्ट हैं। उनका दावा था कि इनमें पहला UAE का गोल्डन कार्ड, दूसरा एंटीगुआ और बारबुडा का पासपोर्ट और तीसरा मिस्र का पासपोर्ट है। उन्होंने यह भी कहा कि इनमें से दो इस्लामिक देशों के पासपोर्ट होने के बावजूद, रिंकी भुइयां सार्वजनिक रूप से अपने धार्मिक संबंधों का प्रचार करती हैं।

इस पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोपों को सिरे से खारिज किया और प्रतिक्रिया में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा केवल एक नाटक कर रहे हैं और उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज किया जाएगा। गौरतलब है कि सरमा ने 2015 में कांग्रेस का दामन छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था।