नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा को संबोधित किया। विपक्षी दलों की नारेबाजी के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सदन में अपनी भावनाएं व्यक्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने देश की प्रगति और युवा शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में देश के मध्यम वर्ग, निम्न-मध्यम वर्ग, ग्रामीण, किसान, महिलाएं, विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रगति की पूरी तस्वीर प्रस्तुत की गई। यह हमें भारत के उज्जवल भविष्य की ओर प्रेरित करता है। मोदी ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि पिछली शताब्दी में स्वतंत्रता संग्राम का दूसरा क्वार्टर निर्णायक था, उसी तरह अब विकसित भारत के निर्माण की दिशा में यह दूसरा क्वार्टर अत्यंत सामर्थ्यशाली और तेज़ी से बढ़ने वाला है।

खरगे की उम्र पर तंज
प्रधानमंत्री ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की उम्र का भी जिक्र किया और तंज कसा कि यदि वे बैठकर नारे बोलना चाहें तो बोल सकते हैं, क्योंकि उनके पीछे कई युवा नेता हैं।

युवा होता जा रहा भारत
मोदी ने कहा कि वर्तमान में भारत एक युवा राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। जबकि कई विकसित देशों में आबादी वृद्ध होती जा रही है, हमारा देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूते हुए युवा शक्ति का केंद्र बन रहा है।

भारत के प्रति वैश्विक आकर्षण
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि विश्व अब भारत के प्रति आकर्षित हो रहा है और हमारे युवा टैलेंट पूल को महत्व दे रहा है। देश की युवा शक्ति में सपने, संकल्प और सामर्थ्य है, जो इसे एक सशक्त राष्ट्र बनाता है।

विश्व की चुनौतियों के समाधान में भारत
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब वैश्विक स्तर पर उत्पन्न चुनौतियों का समाधान देने वाला देश बन गया है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत गति से बढ़ रही है, विकास दर ऊंची और महंगाई दर कम है, जो एक विशेष उपलब्धि है।