नई दिल्ली: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक दल (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल कर ली है। गुरुवार को हुई वोटों की गिनती में मुर्मू विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को शिकस्त दी। वह सिन्हा के खिलाफ शुरू से ही आगे चल रही थीं। अंतत: उन्होंने देर शाम जारी नतीजों के बाद जीत हासिल की। राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी के अनुसार, तीसरे दौर के बाद कुल वैध वोट 3219 हैं, जिसका कुल मूल्य 8,38,839 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 के मूल्य के 2161 वोट मिले। यशवंत सिन्हा को 2,61,062 के मूल्य के 1058 वोट मिले।
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने तीसरे दौर की मतगणना के अंत में कुल वैध वोटों का 50% अंक का आंकड़ा पार किया। द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति चुनाव में 17 सांसदों ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी।
जश्न शुरू
मूर्मू की जीत के बाद बीजेपी कार्यालयों में जश्न शुरू हो गया। वहीं उनके पैतृक गांव में ओडिशा के रायरंगपुर में जश्न मना। निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का विदाई समरोह शुक्रवार को होगा। पीएम नरेंद्र मोदी कल शाम 5:30 बजे से दिल्ली के होटल अशोका में निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के लिए विदाई रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
शुरू से ही आगे चल रही थीं मुर्मू
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू दूसरे दौर की मतगणना खत्म होने के बाद विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से 812 मतों के अंतर से आगे चल रही थीं।दूसरे दौर के बाद पहले 10 राज्यों के मतपत्रों को अल्फाबेट के हिसाब से गिना गया।
इसमें कुल वैध वोट 1,138 थे और उनका कुल मूल्य 1,49,575 था। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 1,05,299 मूल्य के 809 वोट मिले, वहीं यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनका मूल्य 44,276 रहा। पहले दौर की मतगणना के दौरान मुर्मू को 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट मिले, जबकि सिन्हा ने 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट हासिल किए।