दिल्ली-एनसीआर में बारिश, हिमाचल-उत्तराखंड-जम्मू में बाढ़ और भूस्खलन से हाल बेहाल

नई दिल्ली। मंगलवार की सुबह दिल्ली-NCR में बारिश ने दस्तक दी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 26 अगस्त को भी भारी बारिश जारी रहेगी। अगले चार-पाँच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। भूस्खलन और बाढ़ की वजह से भारी तबाही हुई। हिमाचल में मणिमहेश यात्रा के दौरान तीन तीर्थयात्रियों की ऑक्सीजन की कमी से मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं।

पंजाब में बाढ़ और सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की नदियों के उफान से पंजाब के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी। भारी बारिश के कारण कई हाईवे और सड़कें भूस्खलन की वजह से बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल के चंबा जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चंडीगढ़-मनाली हाईवे कई स्थानों पर ठप पड़ा है।

सेरज घाटी में भूस्खलन, घर और दुकानें तबाह
हिमाचल के मंडी और कुल्लू जिलों की सीमा पर सेरज घाटी में भूस्खलन ने नुकसान पहुंचाया। पहले ही 9 घर और 15 दुकानें खाली कराई गई थीं, देर रात भूस्खलन ने इनमें से कई इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। परिवहन निगम की वर्कशॉप भी प्रभावित हुई।

जम्मू-कश्मीर में बारिश का असर
जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग के आठ जिलों और कश्मीर के तीन जिलों में अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश में हालात
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर दिख रहा है। नदी-नाले उफान पर हैं। इस साल सबसे अधिक वर्षा फिरोजाबाद में हुई है। पड़ोसी राज्यों में बारिश के कारण यूपी में हल्की से मध्यम बारिश के हालात बने रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here