गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के सैन चौक पर सोमवार दोपहर एक नाबालिग द्वारा चलाए गए वाहन ने हादसे का रूप ले लिया। अनियंत्रित कार पहले एक ई-रिक्शा से टकराई और ब्रेक लगाने की बजाय एक्सीलेटर दबाने के कारण सड़क पार कर रही मां-बेटी को भी टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन ने आगे बढ़ते हुए एक बलेनो कार से भी टक्कर मारी और वहीं रुक गई। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और नाबालिग चालक से पूछताछ जारी है।
मां-बेटी रिश्तेदारी में आई थीं
एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि दिल्ली के मान सरोवर पार्क की रहने वाली मुस्कान (32) अपनी 6 वर्षीय बेटी वैष्णवी के साथ विजयनगर में रिश्तेदारी के लिए आई थी। दोनों दोपहर को पैदल हाईवे की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से आई स्वीफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। हादसे में मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
कुछ दिन पहले सीखी थी कार चलाना
अनियंत्रित कार आगे चल रही बलेनो से टकराकर रुक गई। मौके पर पहुंची प्रताप विहार पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया। नाबालिग चालक ने पुलिस को बताया कि उसने हाल ही में एक ड्राइविंग इंस्टीट्यूट में कार चलाना सीखा है और घर से अपनी कार लेकर निकला था। वाहन ई-रिक्शा से टकराने के बाद नियंत्रण खो बैठा और मां-बेटी से टकरा गया।
मां-बेटी अस्पताल में भर्ती
घायलों को तुरंत संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के कारण बच्ची वैष्णवी को आस्था हॉस्पिटल में स्थानांतरित किया। पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दे दी है और नाबालिग चालक से मामले की विस्तार से पूछताछ कर रही है।