ठाणे। गणेश प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर महाराष्ट्र और कर्नाटक में पत्थरबाजी और चाकूबाजी की घटनाएं हुई हैं। महाराष्ट्र के ठाणे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पथराव के बाद दो गुटों में संघर्ष हो गया। वहीं कर्नाटक के बेलगावी में दो गुटों में छूरेबाजी हुई, जिसमें तीन लोग घायल हुए और तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

महाराष्ट्र के ठाणे के भिवाणी में बुधवार को गणेश प्रतिमा के विसर्जन के इंतजार में खड़े लोगों पर कुछ लोगों के पथराव करने के दौरान तनाव बढ़ गया और दो समुदायों में संघर्ष हो गया। इसके बाद पुलिस को आकर बीचबचाव करना पड़ा। पुलिस कमिश्नर ध्यानेश्वर चव्हाण ने बताया कि भिवाणी क्षेत्र के बंजरपट्टी नाका पर बड़ी तादाद में लोग जमा हो गए थे। वीडियो में वहां दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी होते देखा जा सकता है।