कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज 74 साल की हो गई हैं। वह नौ दिसंबर, 1946 को लुसियाना, इटली में जन्मी थी। भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने जन्मदिन के मौके पर उन्हें बधाई दी एवं लंबी उम्र की कामना की। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘श्रीमती सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई। ईश्वर उन्हें लंबे और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दें।’
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत में महीनों से चल रहे कोरोना वायरस संकट एवं केंद्रीय कृषि कानूनों के विरुद्ध किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस सूत्रों की माने तो सोनिया के निर्देशानुसार पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी की प्रदेश इकाइयों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से बोला है कि वे कांग्रेस अध्यक्ष के जन्मदिन पर किसी जश्न का आयोजन नहीं करें।
कोरोना संकट की वजह से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस साल अपना जन्मदिन नहीं मनाया था।