चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में स्थित एक सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस रिसाव की गंभीर घटना सामने आई है। इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 46 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें से सात की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
यह घटना पोरियापालयम के पास कनिगईपायर इलाके में स्थित ‘सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स’ फैक्ट्री में हुई, जहां अचानक गैस लीक होने से अफरा-तफरी मच गई।
कई कर्मचारियों की हालत बिगड़ी
सूत्रों के मुताबिक, फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कई लोग चक्कर आने और उल्टी जैसी शिकायतों के बाद बेहोश हो गए। प्रभावित कर्मचारियों में अधिकतर प्रवासी मजदूर शामिल हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर से घायलों को एंबुलेंस की मदद से बाहर निकाला गया, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।
प्रशासन और सरकार ने जताया दुख
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद घटना है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
राज्यपाल ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि सरकार इस मामले पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाएगी।