दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सांसद निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और जनप्रियता की सराहना करते हुए कहा है कि आगामी 15 से 20 वर्षों तक देश में मोदी युग का ही प्रभाव बना रहेगा। उन्होंने दावा किया कि यदि नरेंद्र मोदी पार्टी के नेता न रहे तो भाजपा को 150 सीटें जीतना भी मुश्किल हो जाएगा।

दुबे ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा को समाज के उस वर्ग का समर्थन मिला है, जो पहले पार्टी से दूर था। विशेष रूप से गरीब तबका अब भाजपा का मजबूत वोट बैंक बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2029 का आम चुनाव भी प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा।

https://twitter.com/ANI/status/1946170587166163152?t=G7chNlVyvxWMK5Bw7Hhbww&s=19

'पटक पटक के मारेंगे' वाले बयान पर अडिग

अपने विवादास्पद बयान "पटक पटक के मारेंगे" को लेकर निशिकांत दुबे ने कहा कि वह आज भी अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत एक विविधताओं से भरा देश है, लेकिन मुंबई जैसे शहर में उत्तर भारतीयों के साथ भेदभाव और हिंसा अस्वीकार्य है। दुबे ने कहा कि यदि महाराष्ट्र भारत का हिस्सा है, तो देश का कोई भी नागरिक वहां बस सकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आज मुंबई में मराठी भाषी लोगों की आबादी घटकर लगभग 31-32% रह गई है और छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति उन्होंने सम्मान भी प्रकट किया।

https://twitter.com/ANI/status/1946172391891116348?t=vZHDqkr5ueSM-aXdrvBnIQ&s=19

ऑपरेशन ब्लूस्टार पर उठाए सवाल

सांसद ने ऑपरेशन ब्लूस्टार को लेकर एक गंभीर दावा किया कि इसकी योजना जनवरी-फरवरी 1984 में ही बना ली गई थी और ब्रिटेन की तत्कालीन प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर की सहमति भी ली गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान ब्रिटिश सैन्य अधिकारी अमृतसर में मौजूद थे। दुबे ने सवाल उठाया कि यदि किसी विदेशी सहयोग से अपने ही लोगों पर कार्रवाई की जाती है, तो देश की संप्रभुता और समाजवाद की अवधारणा पर सवाल उठते हैं।

https://twitter.com/ANI/status/1946171792810537265?t=N7ujvVkKcPEt7c8PJw2Uig&s=19

'मोदी राज में डीप स्टेट संभव नहीं'

निशिकांत दुबे ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में सोशल मीडिया ने एक नई भूमिका निभानी शुरू की है और अब हर नागरिक किसी न किसी रूप में सूचना का स्रोत बन गया है। उन्होंने बताया कि पहले पत्रकारिता पर कई तरह की सीमाएं थीं, लेकिन अब सबकुछ पारदर्शी हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्यक्ष रूप से हर विषय पर नजर रखते हैं और उनके जुड़ाव का स्तर इतना गहरा है कि वह अपने सांसदों को उनके निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी भी खुद देते हैं।