3 साल में 149 नाबालिग गिरफ्तार, पंजाब में ISI के षड्यंत्र को लेकर गुरुद्वारों से अलर्ट

HIGHLIGHTS
- 3 साल में 149 नाबालिग गिरफ्तार, पंजाब में ISI के षड्यंत्र को लेकर गुरुद्वारों से अलर्ट
- पंजाब में ISI के षड्यंत्र को लेकर बड़ा अलर्ट, 3 साल में 149 नाबालिग गिरफ्तार
- नाबालिगों को निशाना बना रही ISI? पंजाब के गुरुद्वारों से युवाओं को किया जा रहा सतर्क
अमृतसर। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांवों के युवाओं को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के षड्यंत्र से बचाने के लिए पुलिस ने अब धार्मिक मंच का सहारा लिया है। गांवों के गुरुद्वारों में शाम को रहिरास साहिब के पाठ के बाद युवाओं से आइएसआइ के षड्यंत्रों के अलावा नशे, अपराध और गैंगस्टरों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
गुरुद्वारों में लगे लाउडस्पीकर के जरिए रोजाना शाम को ग्रंथी के साथ पुलिसकर्मी भी युवाओं से पड़ोसी देश के षड्यंत्रों से बचने की अपील कर रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के षड्यंत्र में फंसने से बचाना है।
149 नाबालिगों को किया गया गिरफ्तार
पिछले तीन वर्षों में हथियार और नशा तस्करी के साथ-साथ ग्रेनेड हमलों और गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में प्रदेश में 149 नाबालिगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से कई नाबालिगों ने पूछताछ में बताया था कि वे आइएसआइ की ओर से दिए गए चंद पैसों के लालच में फंस गए थे।
डीआइजी बार्डर रेंज हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि अमृतसर के अलावा पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला के सीमावर्ती इलाकों के गांवों में गुरुद्वारों से शाम के समय ये घोषणाएं कराई जा रही हैं। युवाओं को बचाने के लिए पंचायतों के साथ भी तालमेल किया जा रहा है और इसके अच्छे परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
गुरुद्वारों से की जा रही अपील
गुरुद्वारों से माता-पिता से अपील की जा रही है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें। यह भी ध्यान दें कि बच्चे कहां जाते हैं और किन लोगों से मिलते हैं। साथ ही इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखें। बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव, संदिग्ध ऑनलाइन बातचीत या गैंगस्टर कल्चर की ओर बढ़ते आकर्षण पर भी ध्यान देने को कहा जा रहा है।
युवाओं को भी ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में मंदिर और चर्च से भी इसी तरह की अपील करवाई जाएगी। रमदास ब्लाक समिति के चेयरमैन पृथ्वीपाल सिंह ने कहा कि युवाओं को बचाने के लिए सरकार और पुलिस की यह अच्छी पहल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.