बेतिया में तेज रफ्तार बस ने ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को कुचला, 5 की मौत; 5 घायल

HIGHLIGHTS
- बसवरिया और पराउटोला के बीच हुई दर्दनाक घटना
- गोरखपुर से बेतिया जा रही थी शाही बस
- छठिहार समारोह के दौरान सड़क किनारे चल रहा था ऑर्केस्ट्रा
बेतिया। एनएच-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग पर बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस ने सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।
मृतकों में दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को धर्मेंद्र दुबे के घर पर छठिहार का आयोजन था।
उनका घर एनएच-727 के किनारे है। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
तेज रफ्तार बस भीड़ में घुसी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की तरफ से शाही बस बेतिया की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी।
इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में घुस गई और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बस की टक्कर से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया।
पांच मृतकों की पहचान हुई
हादसे में मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के स्वजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.