मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक ज्वेलरी शोरूम से करीब डेढ़ किलो सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। शहागंज इलाके में स्थित विश्वास ज्वेलर्स में दो पुरुष और चार बुर्काधारी महिलाएं ग्राहक बनकर अलग-अलग समय पर पहुंचीं।
बताया गया कि इस गिरोह ने पहले शोरूम की रेकी की। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों ने सेल्समैन का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही सोने से भरा एक डिब्बा लेकर फरार हो गए। चोरों ने विश्वास ज्वेलर्स से कम से कम 2 करोड़ रुपये मूल्य के करीब 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि काउंटर के नीचे से एक रहस्यमय हाथ कुछ सेकंड के लिए बाहर आया और एक डिब्बा उठाकर ले गया। इस दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों ने सेल्सपर्सन का ध्यान दूसरी ओर लगाए रखा।
हालांकि, चोरी की जानकारी तुरंत नहीं हो सकी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गुजरात में चोरों ने पुलिस को किया फोन
वहीं, पड़ोसी राज्य गुजरात के वलसाड में चोरी करने पहुंचे दो चोरों के साथ अलग घटना हुई। स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया, जिसके बाद पिटाई के डर से दोनों चोरों ने खुद 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।
चोरों ने पुलिस को फोन कर कहा, "महोदय, हम चोरी करने आए थे, लेकिन लोगों ने शटर गिरा दिया है। कृपया हमें बचा लीजिए।" पुलिस के अनुसार, दुकान के बाहर भीड़ जमा हो गई थी और चोरों को डर था कि उनकी पिटाई हो सकती है या इससे भी बुरा हाल हो सकता है।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.