दिवाली-छठ पर रेलवे का तोहफा, झांसी-ललितपुर से दिल्ली के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

HIGHLIGHTS
- दिवाली और छठ पूजा के दौरान रेलवे दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
- झांसी और ललितपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच होगा ट्रेनों का संचालन।
- दोनों ट्रेनों का ठहराव आगरा कैंट स्टेशन पर निर्धारित किया गया है।
दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने का फैसला लिया है। झांसी और ललितपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। खास बात यह है कि दोनों ट्रेनों का ठहराव आगरा कैंट स्टेशन पर भी निर्धारित किया गया है। इनमें एक ट्रेन अनारक्षित और दूसरी आरक्षित श्रेणी की होगी।
इन विशेष ट्रेनों के संचालन से आगरा के यात्रियों को दिल्ली जाने के अलावा झांसी, ग्वालियर, मुरैना और धौलपुर की यात्रा करने का भी विकल्प मिलेगा।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने जानकारी दी कि गाड़ी संख्या 01901-01902 झांसी-हजरत निजामुद्दीन अनारक्षित पूजा स्पेशल कुल छह-छह फेरे लगाएगी। वहीं, गाड़ी संख्या 01927-01928 ललितपुर-हजरत निजामुद्दीन आरक्षित पूजा स्पेशल एक-एक फेरा लगाएगी।
आगरा कैंट पर रात 11:10 बजे होगा ठहराव
गाड़ी संख्या 01901 झांसी-हजरत निजामुद्दीन अनारक्षित पूजा स्पेशल झांसी से 7, 8, 9, 11, 12 और 13 नवंबर को रवाना होगी। ट्रेन रात 11:10 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद रात 11:15 बजे आगे के लिए रवाना हो जाएगी।
इसके बाद ट्रेन रात 12:05 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 12:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। अगले दिन सुबह 3 बजे यह हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01902 हजरत निजामुद्दीन से 8, 9, 10, 12, 13 और 14 नवंबर को सुबह 4:25 बजे चलेगी। यह ट्रेन सुबह 9:10 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी और पांच मिनट रुकने के बाद 9:15 बजे रवाना होगी। मथुरा जंक्शन पर सुबह 8:10 बजे पहुंचकर 8:15 बजे आगे बढ़ेगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे झांसी पहुंचेगी।
10 और 11 नवंबर को चलेगी आरक्षित पूजा स्पेशल
ललितपुर और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली आरक्षित पूजा स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों को सुविधा देगी। गाड़ी संख्या 01927 ललितपुर से 10 नवंबर को शाम 5:10 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन रात 11:10 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी और पांच मिनट रुकने के बाद 11:15 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद रात 12:05 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी और 12:10 बजे रवाना होगी। अगले दिन यानी 11 नवंबर को सुबह 3 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01928 हजरत निजामुद्दीन से 11 नवंबर को सुबह 4:25 बजे रवाना होगी। ट्रेन सुबह 9:10 बजे आगरा कैंट और 8:10 बजे मथुरा पहुंचेगी। इसके बाद 11 नवंबर को शाम 4:45 बजे ललितपुर पहुंचकर अपनी यात्रा पूरी करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.