राजस्थान में भीषण हादसा, टैंकर से टकराकर 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी कार, 3 मजदूरों की मौत

HIGHLIGHTS
- राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नेशनल हाईवे-27 पर भीषण सड़क हादसा हुआ।
- तेज रफ्तार कार निर्माण कार्य में लगे पानी के टैंकर से टकरा गई।
- टक्कर के बाद कार करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नेशनल हाईवे-27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार सड़क निर्माण कार्य में लगे पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी और वहां काम कर रहे मजदूरों के ऊपर पलट गई। इस हादसे में एक महिला समेत तीन मजदूरों की जान चली गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना शुक्रवार को चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर मेनाल के नजदीक हुई। बेगूं के पुलिस उपाधीक्षक अंकित कुड़ी ने बताया कि मेनाल जोगणिया माता जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए खोदे गए गड्ढे में सात मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।
मजदूरों के ऊपर गिरी तेज रफ्तार कार
पुलिस उपाधीक्षक अंकित कुड़ी के अनुसार, कार चित्तौड़गढ़ से कोटा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर निर्माण कार्य के लिए खड़े पानी के टैंकर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सीधे करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी, जहां मजदूर काम कर रहे थे। कार मजदूरों के ऊपर गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भीलवाड़ा जिले के बिहारी (45), मांडलगढ़ के सावता (50) और गंगराड़ की प्रेम बाई (40) के रूप में हुई है। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
10 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में कुल 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें निर्माण कार्य में लगे चार मजदूर और कार में सवार छह लोग शामिल हैं। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बताई गई है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.