आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी

HIGHLIGHTS
- अभिषेक बनर्जी ने आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
- कलकत्ता हाई कोर्ट ने पहले एसएसकेएम अस्पताल से जांच और विशेषज्ञ रिपोर्ट पेश करने को कहा था।
- राज्य सरकार ने विदेश जाने की अनुमति का विरोध किया, मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 3 अगस्त को सुनवाई होगी।
कोलकाता। आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति को लेकर तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने अब सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है।
इससे पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन्हें एसएसकेएम अस्पताल के चक्षु विभाग में जांच कराने और विशेषज्ञ की रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया था। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में तीन अगस्त को सुनवाई होगी।
विदेश में इलाज की अनुमति के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिषेक
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में अभिषेक बनर्जी की ओर से कहा गया है कि आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति से जुड़ी उनकी याचिका पर हाई कोर्ट से अभी तक कोई राहत नहीं मिली है।
20 जुलाई को अभिषेक के वकील ने विदेश जाकर इलाज कराने के लिए यात्रा की अनुमति मांगी थी। इस दौरान न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने पूछा था कि क्या अभिषेक ने कोलकाता के किसी अस्पताल में आंखों की जांच कराई है।
इस पर उनके वकील ने बताया था कि डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक पिछले करीब 10 वर्षों से अमेरिका में आंखों का इलाज करा रहे हैं और वहां नियमित जांच भी कराते हैं।
राज्य सरकार ने किया था विरोध
राज्य सरकार ने अभिषेक बनर्जी को विदेश जाने की अनुमति देने का विरोध किया था। राज्य के अतिरिक्त एडवोकेट जनरल राजदीप मजूमदार ने दलील दी थी कि अभिषेक कई मामलों में जांच के दायरे में हैं और विदेश जाने की अनुमति मिलने से जांच प्रभावित हो सकती है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट ने कहा था कि यदि आंखों की बीमारी का इलाज कोलकाता में संभव नहीं है तो पहले एसएसकेएम अस्पताल के चक्षु विभागाध्यक्ष से जांच कराई जानी चाहिए।
अदालत ने कहा था कि यदि विशेषज्ञ विदेश में इलाज को जरूरी बताते हैं, तो उनकी चिकित्सकीय राय के आधार पर विदेश जाने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।
हाई कोर्ट में भी लंबित है याचिका
अभिषेक बनर्जी ने विदेश में इलाज की अनुमति के लिए हाई कोर्ट में अलग से याचिका दायर कर रखी है। उस मामले में जल्द सुनवाई की मांग को अदालत ने स्वीकार नहीं किया था, हालांकि याचिका अभी लंबित है।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2016 में मुर्शिदाबाद में एक पार्टी कार्यक्रम से कोलकाता लौटते समय अभिषेक बनर्जी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इस हादसे में उनकी आंख के नीचे गंभीर चोट आई थी।
इसके बाद उन्होंने देश के कई अस्पतालों में इलाज कराया और बाद में विदेश में भी आंखों का उपचार कराया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.