कोलकाता भगदड़ के बाद ओडिशा पुलिस अलर्ट, दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा बढ़ी

HIGHLIGHTS
- पूजा समितियों को भीड़ नियंत्रित करने के लिए कतार व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
- पंडालों में प्रवेश और निकास द्वारों पर पुलिसकर्मी व स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।
- भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल पुलिस टीमें और विशेष दस्ते निगरानी करेंगे।
भुवनेश्वर। कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान 19 लोगों की मौत के बाद ओडिशा पुलिस भी सतर्क हो गई है। भुवनेश्वर और कटक में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पुलिस ने पूजा समितियों को निर्देश दिया है कि पंडालों में दर्शन के लिए कतार की व्यवस्था की जाए, ताकि एक ही स्थान पर भीड़ इकट्ठा न हो और किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
संकरी सड़कों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनयतोष मिश्रा ने रविवार को कहा कि संकरे रास्तों पर अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बन सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए पूजा समितियों को पंडालों में प्रवेश और बाहर निकलने के लिए अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था करने तथा कतार में दर्शन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पंडालों के प्रवेश और निकास द्वारों पर पुलिसकर्मियों के साथ स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई है। एक समय में सीमित संख्या में ही श्रद्धालुओं को पंडाल के भीतर जाने दिया जाएगा। यदि अंदर कोई व्यक्ति गिर जाता है, तो तत्काल लोगों का प्रवेश रोक दिया जाएगा, जिससे स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सके।
पुलिस के साथ आपातकालीन टीमें भी रहेंगी तैनात
डीजीपी के अनुसार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मोबाइल टीमें, चेन छिनने की घटनाओं को रोकने वाले दस्ते, छेड़छाड़ पर निगरानी रखने वाली टीमें और विशेष बल तैनात किए गए हैं। पंडालों तक पहुंचने वाली संकरी सड़कों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई है।
इसके अलावा, आपात स्थिति से निपटने के लिए पूजा स्थलों पर एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां उपलब्ध रहेंगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य जरूरत पड़ने पर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाना और आग लगने जैसी घटनाओं पर जल्द नियंत्रण पाना है।
पूजा समितियों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
कटक-भुवनेश्वर के पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्त सिंह ने कहा कि पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पूजा समितियों की है। वहीं, पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने का काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि पूजा आयोजकों और संबंधित अधिकारियों के साथ कई बैठकें की गई हैं। सभी पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने को कहा गया है।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंडालों में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था पर भी जोर दिया।
शांतिपूर्ण आयोजन और भाईचारा बनाए रखने की अपील
सेंट्रल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सत्यजीत नाइक ने लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान अनुशासन बनाए रखना और एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव रखना आवश्यक है।
उन्होंने पूजा समितियों से जुलूस और मूर्ति विसर्जन के कार्यक्रम निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित करने को भी कहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.