वृंदावन में निर्माण कार्य के दौरान हादसा, शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा रुक्मणि विहार स्थित निर्माणाधीन वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल में हुआ।
- देर रात दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था।
- अचानक शटरिंग और ढलाई की सामग्री नीचे गिर गई।
वृंदावन। वृंदावन के रुक्मणि विहार में ओमेक्स के निर्माणाधीन ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ में देर रात बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था, इसी दौरान शटरिंग और ढलाई में इस्तेमाल सामग्री अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में काम कर रहे तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चौथे मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों में से एक को हालत नाजुक होने पर जिला संयुक्त चिकित्सालय से आगरा रेफर किया गया। बाद में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चौथे मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी आलम, रिफ्यूल और नेपाल निवासी शिवराम के रूप में हुई है। वहीं पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार की हालत गंभीर है और उनका उपचार जारी है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, मुआवजे की मांग
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कंपनी प्रबंधन ने बताया हादसे का घटनाक्रम
ओमेक्स के जनरल मैनेजर आरके जैन ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि रात 8 बजे से सुबह तक ढलाई का काम चल रहा था। उस समय मौके पर 10 से 12 मजदूर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अचानक हुए हादसे की चपेट में चार मजदूर आ गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई।
उन्होंने यह भी बताया कि मॉल का निर्माण कार्य 7 अगस्त से शुरू हुआ था। इस परियोजना के तहत दो बेसमेंट, एक लोअर फ्लोर और ग्राउंड प्लस 7 मंजिल की इमारत का निर्माण प्रस्तावित है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.