बरी होने के बाद केजरीवाल का जंतर-मंतर पर शक्ति प्रदर्शन, बोले- मैं हमेशा ईमानदार रहूंगा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से जंतर-मंतर पर आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला। इससे पहले पार्टी नेता आतिशी, गोपाल राय और गोवा प्रदेश अध्यक्ष वाल्मीकि नायक ने भी मंच से भाजपा पर निशाना साधा।
केजरीवाल ने हाल ही में दिल्ली अदालत द्वारा सुनाए गए फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत ने उन्हें और मनीष सिसोदिया समेत अन्य नेताओं को सभी आरोपों से बरी कर दिया। उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल उनके लिए बल्कि पूरे देश के लोगों के लिए न्यायपूर्ण है। केजरीवाल ने कहा, “पिछले चार सालों में मोदी जी और अमित शाह ने षड्यंत्र करके दिल्ली की जनता को परेशान किया। अदालत ने साफ कर दिया कि मैं भ्रष्टाचारी नहीं हूं, मैं ईमानदार हूं।”
भ्रष्टाचार और देश की स्थिति पर केजरीवाल का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 सालों में देश की स्थिति बिगड़ी है। उन्होंने शिक्षा, सड़कों, सफाई और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि जनता के वादों की कोई पूर्ति नहीं हुई। केजरीवाल ने गुजरात में कथित भ्रष्टाचार के मामलों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर कार्रवाई में नाकामी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं है क्योंकि इसमें या तो भाजपा नेता शामिल हैं या उनके करीबी। अगर मोदी जी वास्तव में कार्रवाई करना चाहते हैं तो उन्हें दिखाना होगा।”
दिल्ली में भाजपा की विफलताओं को उजागर किया
केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली, पानी, सफाई और सरकारी नौकरियों में भाजपा की विफलताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के लोगों को धोखा दिया है और जनता अब उन्हें वोट नहीं देगी।
गोपाल राय ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि कोई भी भाजपा की कोशिश केजरीवाल की ईमानदारी को धूमिल नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि केजरीवाल हमेशा ईमानदार रहे हैं और रहेंगे। जनसभा में बस मार्शल, चालक, कंडक्टर, मोहल्ला क्लीनिक के डॉक्टर और नर्स जैसे लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
केजरीवाल को प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जंतर-मंतर वही जगह है जहां आम आदमी पार्टी का जन्म हुआ था और आज यह फिर से पार्टी को मजबूत करने का मंच बन गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि दिल्ली की तरह अब देश स्तर पर केजरीवाल को प्रधानमंत्री बनाने के लिए संघर्ष करना होगा। इसके लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों से टकराने की तैयारी भी रखनी होगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसभा को संबोधित कर पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.