दिल्ली में पशु आश्रय तोड़े जाने पर कार्रवाई, सीएम रेखा गुप्ता ने JE को निलंबित करने के दिए निर्देश

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर जागृति मिश्रा से घटना की जानकारी ली थी।
- एफआईआर दर्ज कराने की सहमति मिलने पर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
- महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाहरी दिल्ली में निर्माणाधीन पशु आश्रय को गिराए जाने के मामले में जूनियर इंजीनियर विकास कुमार गुप्ता को निलंबित करने का निर्देश दिया है। यह आश्रय पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा का था।
जागृति मिश्रा से मिलने पहुंची थीं मुख्यमंत्री
कंझावला के निजामपुर गांव में जागृति मिश्रा के परिसर में तोड़फोड़ की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बीते रविवार को मौके पर पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने जागृति मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा देने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था।
एफआईआर और सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने जागृति मिश्रा से पूछा था कि क्या वह इस घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कराना चाहती हैं। उनकी सहमति मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस उपायुक्त को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और जागृति मिश्रा की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि उत्पीड़न और अधिकारों के दुरुपयोग को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में जरूरी कदम उठाने को भी कहा था।
मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की सहायता
जागृति मिश्रा की ओर से पशुओं के लिए आश्रय स्थल बनाने के प्रयासों में भी सरकार मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को आश्रय स्थल की स्थापना के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.