अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सपा सरकार बनी तो 16 अगस्त को होगी सरकारी छुट्टी

HIGHLIGHTS
- उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर 16 अगस्त को सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा।
- गोमती रिवरफ्रंट पर अवंती बाई लोधी की सोने की तलवार के साथ प्रतिमा लगाने की बात कही।
- अखिलेश ने आगामी विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आजादी की लड़ाई में वीरांगना अवंती बाई लोधी ने वीरता और शौर्य के साथ अंग्रेजों का मुकाबला किया। स्वतंत्रता आंदोलन में महारानी लक्ष्मी बाई के साथ वीरांगना अवंती बाई लोधी को भी याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी के जन्मदिन 16 अगस्त को सरकारी छुट्टी घोषित की जाएगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के साथ 16 अगस्त को वीरांगना अवंती बाई लोधी की याद में भी सरकारी अवकाश होगा। गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की सोने की तलवार के साथ प्रतिमा लगाकर सम्मान दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित विशाल सम्मेलन में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है और समाजवादी पार्टी को एक-एक वोट जोड़ना है। पीडीए में सभी लोगों को शामिल कर गुलदस्ता बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को 10 वर्षों से देखा जा रहा है और दिल्ली में भी कई वर्षों से भाजपा की सरकार है।
उन्होंने कहा कि जो लोग बहुत ताकतवर दिखाई दे रहे थे, उन्हें कम उम्र के नौजवानों और छात्रों ने झुका दिया। जो लोग रामराज लाने की बात करते थे, उन्होंने अयोध्या में राम धन लूट लिया। प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी कर लिया। आलू और मक्का पैदा करने वाले किसानों को कीमत नहीं मिली। कन्नौज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी और आसपास के जिलों में किसानों को भारी नुकसान हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने जिले गोरखपुर में 500 प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए।
भाजपा ने कभी तिरंगा नहीं फहराया
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आजादी का जश्न मना रहा था और मुख्यमंत्री विभाजन का उत्सव मना रहे थे। भाजपा ने आजादी से पहले और आजादी के बाद कभी तिरंगा नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि अगर लोधी समाज एकजुट हो गया तो भाजपा का पता नहीं चलेगा। समाजवादी पार्टी लोधी समाज को सम्मान और स्थान देगी। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा का सफाया होना तय है। 2024 के परिणाम से समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन नंबर एक पर पहुंच गया है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस सरकार में पायलट वनस्पति लेकर हवाई जहाज उड़ा रहे हैं। समाजवादी सरकार बनने के बाद तीन महीने में जातीय जनगणना कराकर सभी को हक और सम्मान दिया जाएगा। वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती के कार्यक्रम में सांसद आरके चौधरी, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
ऐसा कोई बयान न दें, जिससे भाजपा को मिले लाभ
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ऐसा कोई बयान नहीं देना है, जिससे भाजपा को लाभ मिले। कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम को लेकर हुए विवाद को लेकर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास दूसरा काम नहीं है। अगर भाजपा ने कोई अच्छा काम किया होता तो वह संविधान को ठेस नहीं पहुंचाती।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे में गड्ढे ही गड्ढे
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वीरांगना अवंती बाई लोधी के जन्मदिवस पर राजधानी के हजरतगंज स्थित कैपिटल सिनेमा के पास उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार 300 करोड़ पेड़ लगाने का दावा कर रही है, लेकिन पेड़ कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। केंद्र सरकार की रिपोर्ट आई है कि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.