शिवा शर्मा मौत मामले पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- सरकार को ले डूबेगा मामला

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
- फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर नामचीन और रसूखदार लोगों से नाम न जोड़ने की बात कही थी।
- शिवा शर्मा को धमकाने से जुड़ा पुराना वायरल ऑडियो भी चर्चा में है।
लखनऊ। लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य मामला नहीं है और यह सरकार को ले डूबेगा। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव का इशारा श्रद्धा के कथित हाईप्रोफाइल संपर्कों की ओर था, जिनमें कई नामचीन और रसूखदार लोगों के शामिल होने की चर्चा है।
फरार रहने के दौरान श्रद्धा ने अपना पहला वीडियो जारी किया था। इसमें उसने नामचीन और रसूखदार लोगों के साथ अपना नाम नहीं जोड़ने की बात कही थी। वहीं, कारोबारी शिवा को धमकाने से जुड़ा उसका पुराना वायरल ऑडियो भी चर्चा में रहा, जिसमें वह उसकी शिकायत किसी ‘सर’ से करने की बात कह रही थी।
समाजवादी पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कारोबारी की मौत के इतने दिनों बाद भी श्रद्धा की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने इस मामले की तुलना कानपुर के बिकरू कांड से करने की भी कोशिश की। अखिलेश ने कहा, “उस समय भी गाड़ी नहीं पलटी थी, सरकार को पलटाने से बचाया गया था। यह मामला भी उसी तरह का है।”
आगरा के होटल ओम पैलेस में रुकी थी आरोपी श्रद्धा दुबे
इस मामले में एक और जानकारी सामने आई है कि उत्तर प्रदेश पुलिस की निगरानी में चल रही श्रद्धा दुबे अपने साथियों के साथ आगरा के होटल ओम पैलेस में 24 घंटे तक रुकी थी। एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें वहां पहुंचतीं, उससे पहले ही श्रद्धा और उसके साथियों के वहां से चले जाने से मामले को लेकर संदेह और बढ़ गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.