अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- एआई में हम उन्हें पीछे कर देंगे

HIGHLIGHTS
- लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने लगाए आरोप
- कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की स्थिति पर उठाए सवाल
- पीडब्ल्यूडी में कथित लूट का लगाया आरोप
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए सरकार एआई की मदद से वीडियो तैयार कराकर प्रसारित कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ऐसा न करे, क्योंकि एआई के मामले में वह उसे पीछे छोड़ देंगे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर तैयार किए गए एक एआई वीडियो को भी दिखाया गया। इसमें प्रदेश की कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर सवाल उठाए गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार विपक्ष को बदनाम करने के लिए बच्चों जैसा खेल न खेले। उन्होंने दावा किया कि एआई के मामले में समाजवादी पार्टी उनसे काफी आगे है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में इस समय बड़े स्तर पर लूट हो रही है। उन्होंने योगी सरकार को अब तक की सबसे अधिक भ्रष्ट सरकार बताया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार स्कूल बंद करवा रही है। उन्होंने कहा कि सपा बंद किए गए स्कूलों में जाकर कार्यक्रम आयोजित करेगी और लोगों को सरकार के कामकाज के बारे में बताएगी।
उन्होंने योगी सरकार के कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर गड्ढे हो गए हैं और अब कहा जा रहा है कि डिजाइन तैयार करने में गलती हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि अगर डिजाइन में गलती हुई तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था, वह भी खराब हो चुका है और उसमें गड्ढे हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी में लूट मची हुई है। प्रयागराज में कुंभ से लेकर अब तक एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन सवाल यह है कि इससे कितना विकास हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है और प्रदेश भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।
जयंत चौधरी को 61 सीटें मिलने पर सम्मान बढ़ेगा
अखिलेश यादव ने कैबिनेट मंत्री जयंत चौधरी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर जयंत चौधरी को 61 सीटें देती है, तभी उनका सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि 61 से कम सीटें मिलने पर इसे उनका अपमान माना जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.