कौशाम्बी में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, कई मकान धराशायी; मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

HIGHLIGHTS
- धमाकों की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
- फैक्टरी के आसपास बने 15 से अधिक मकान धराशायी हुए।
- मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई।
कौशाम्बी। पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद फैक्टरी में रखे पटाखों में लगातार तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही समय में फैक्टरी से उठे धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके को ढक लिया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्टरी के आसपास बने कई मकान धराशायी हो गए। हादसे में आठ लोगों की मौत की सूचना मिल रही है, जबकि दर्जनभर से अधिक लोगों के मरणासन्न होने की जानकारी है। मौके पर डीएम और एसपी पहुंच गए हैं। लोग मलबे में अपनों की तलाश कर रहे हैं। झुलसे लोगों को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि बस्ती से कुछ दूरी पर एक मकान में पटाखा फैक्टरी संचालित की जा रही थी। हादसे के समय वहां करीब दर्जनभर लोगों के मौजूद होने की सूचना है। आग लगने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के कारण अंदर जाना मुश्किल हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान से अचानक धुआं निकलने के बाद पटाखों में विस्फोट शुरू हो गया। मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं।
हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की सूचना है। पुलिस अधिकारियों के साथ दो थानों की फोर्स मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। डीएम डॉ. अमित पाल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
15 से अधिक मकान धराशायी, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
कौशाम्बी और प्रयागराज सीमा पर स्थित मनौरी बाजार की पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर अचानक भीषण विस्फोट हुआ। लगातार हुए धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि करीब तीन किलोमीटर दूर तक इसकी धमक महसूस की गई। हादसे में फैक्टरी के आसपास बने 15 से अधिक मकान धराशायी हो गए। मलबे में बड़ी संख्या में लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 25 से अधिक लोगों की मौत की आशंका बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से मृतकों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विस्फोट के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई मकानों के शीशे टूट गए। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मकानों की ईंटें और मलबा करीब 250 मीटर दूर स्थित रेलवे पुल तक जा पहुंचा। धमाकों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज और कौशाम्बी के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों जिलों से एंबुलेंस और बचाव दल बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। जेसीबी और अन्य संसाधनों की सहायता से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों की तलाश की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
फैक्टरी में आग लगने और इसके बाद हुए विस्फोट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.