12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव, रामलला के करेंगे दर्शन

HIGHLIGHTS
- समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे।
- पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी उनके साथ अयोध्या पहुंचेंगे।
- अखिलेश यादव राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। सपा नेता एवं पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की तारीख की पुष्टि की है। उनके अनुसार, इस यात्रा में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
पवन पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा और वह अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे। राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने के बाद सपा प्रमुख हनुमानगढ़ी जाएंगे। इसके अलावा वह अयोध्या में साधु-संतों और महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान संतों के साथ प्रसाद ग्रहण करने का कार्यक्रम भी रहेगा।
साधु-संतों और महंतों से करेंगे मुलाकात
पूर्व मंत्री पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव अपने अयोध्या प्रवास के दौरान विभिन्न मठों में जाकर साधु-संतों और महंतों से मुलाकात कर सकते हैं। वह उनका आशीर्वाद लेने के साथ उनके साथ प्रसाद भी ग्रहण करेंगे। इस तरह सपा प्रमुख का पूरा दिन धार्मिक गतिविधियों में बीतेगा।
पवन पांडे ने बातचीत के दौरान राम मंदिर में हुई चोरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव रामलला और हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे। इसके साथ ही मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ न्याय मिलने की विनती भी करेंगे।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार करेंगे दर्शन
22 जनवरी 2024 को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव पहली बार राम मंदिर जाकर दर्शन करेंगे। इससे पहले रामलला के दर्शन नहीं करने को लेकर भाजपा के नेता कई बार सपा प्रमुख पर निशाना साध चुके हैं।
ऐसे में 12 दिसंबर को होने वाला अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। उनके इस दौरे पर राजनीतिक गलियारों की भी नजर रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.