छात्र आंदोलन पर अखिलेश यादव का बयान, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को बताया बड़ी जीत

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने छात्रों के आंदोलन को बताया युवाओं की पहली बड़ी जीत।
- सपा प्रमुख ने पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया और आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
- अखिलेश ने शिक्षा, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को निजामाबाद के पूर्व विधायक आलम बदी के आवास पहुंचे। उन्होंने वहां परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं, छात्रों और किसानों के मुद्दों पर उनके साथ खड़ी है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव के लिए मतदान करेगी। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को छात्रों के आंदोलन की सफलता बताते हुए कहा कि यह युवाओं की पहली बड़ी जीत है। साथ ही उन्होंने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को हर संभव सहायता देने की मांग की।
भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता और आरक्षण के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी पेपर लीक मामलों का ऑडिट कर चुकी है और सरकार ने जानबूझकर भर्ती प्रक्रियाओं में देरी की।
उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत अन्य मामलों में प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की बात कही।
शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत बताई
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के विलय, सरकारी स्कूलों की स्थिति और आधुनिक शिक्षा की कमी को लेकर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि एआई, इंटरनेट और नई तकनीक के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार किया जाना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी।
अवैध निर्माण को लेकर सरकार पर लगाया आरोप
सपा अध्यक्ष ने अवैध निर्माण के मामलों में सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शासनादेश के तहत जिन भवनों को नियमित किया जा सकता है, उसी आधार पर संबंधित विश्वविद्यालय को भी वैध किया जाना चाहिए।
किसानों और छात्रों के मुद्दे उठाए
किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में खाद, पानी और सिंचाई की समस्याएं बनी हुई हैं और सरकार जरूरी तैयारियां करने में विफल रही है।
उन्होंने युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए आंदोलन कर रहे छात्रों के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.