मुंबई। मुंबई के पवई इलाके में 25 वर्षीय एक एयरहोस्टेस से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को ट्रांसजेंडर बताकर महिला के फ्लैट में प्रवेश किया और उसके बीमार पति को तंत्र-मंत्र के जरिए ठीक करने का झांसा दिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अनिल शिंदे के रूप में की है। उसे बुधवार तड़के कलवा के एक झुग्गी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
एफआईआर दर्ज होने के चार घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने पवई की इमारत से लेकर कलवा तक उसके आने-जाने वाले रास्ते में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और उसकी गतिविधियों का पता लगाया।
अंधविश्वास के जरिए महिला का भरोसा जीता
पुलिस के मुताबिक, कथित घटना 18 अगस्त को दोपहर 12.20 बजे से 12.50 बजे के बीच हुई। शिंदे ट्रांसजेंडर के रूप में कपड़े पहनकर इमारत में पहुंचा। उसने सुरक्षा गार्ड का विश्वास हासिल किया और कई फ्लैटों के दरवाजे खटखटाने के बाद तीसरी मंजिल पर रहने वाली महिला ने उसके लिए अपना फ्लैट खोल दिया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन-3) दत्ता नलावड़े ने बताया कि आरोपी ने दावा किया कि वह महिला को बुरी नजर से बचा सकता है। फ्लैट में प्रवेश करने के बाद उसने महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। महिला ने शिकायत में बताया कि उसने आरोपी को इसलिए घर में प्रवेश करने दिया, क्योंकि उसे भरोसा था कि वह अस्पताल में भर्ती उसके पति को ठीक करने में मदद कर सकता है।
महिला ने लगाए क्या आरोप?
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उस पर पानी छिड़का और उसके सिर पर हाथ रखा। इसके बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने 18 अगस्त की रात करीब 11 बजे पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
दत्ता नलावड़े की निगरानी में वरिष्ठ निरीक्षक एएस सावंत, निरीक्षक सुशांत बांगर और उपनिरीक्षक संदीप पाटिल की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, शिंदे हिरासत में है और उसके खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में तंत्र-मंत्र से जुड़ी अतिरिक्त धाराएं भी लगाई जा सकती हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिंदे ने दावा किया कि उसका परिवार ट्रांसजेंडर का रूप धारण कर भीख मांगने का काम करता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह के अपराधों में शामिल रहा है।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.