पैलेट गन विवाद के बीच CRPF चीफ का भरोसा, बोले- निडर होकर काम करें, जिम्मेदारी मैं लूंगा

HIGHLIGHTS
- CRPF प्रमुख जीपी सिंह ने जवानों से निडर होकर ड्यूटी निभाने को कहा।
- पैलेट गन विवाद के बीच RAF की कार्रवाई का किया समर्थन।
- ड्यूटी में ईमानदारी से लिए फैसलों की जिम्मेदारी लेने का दिया भरोसा।
नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने केंद्रीय बल के अलंकरण समारोह के दौरान जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें निडर होकर अपने कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी जवान बिना किसी भय के ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाते रहें।
महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, "मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि चाहे हमारी ऑपरेशनल बटालियन हों या लॉ एंड ऑर्डर यूनिट्स, आप देशहित, जनहित और फोर्स के हित में जो भी फैसले लें और जो भी कार्रवाई करें, यदि वह आपकी ड्यूटी के ईमानदार निर्वहन के तहत हो, तो उन सभी फैसलों और कार्रवाइयों की पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "आप निडर होकर अपने कर्तव्यों का निर्भीक ढंग से निर्वाह करते रहें। जहां भी जिम्मेदारी या जवाबदेही लेने की आवश्यकता होगी, मैं महानिदेशक के रूप में उसे स्वीकार करूंगा।"
पैलेट गन विवाद के बीच RAF की कार्रवाई का समर्थन
यह बयान ऐसे समय आया है जब सीआरपीएफ की रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों द्वारा नीट परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस बीच सीआरपीएफ प्रमुख जीपी सिंह ने अपने सभी जवानों की ड्यूटी के दौरान लिए गए निर्णयों और की गई कार्रवाई का समर्थन किया है।
सभी एसओपी और प्रोटोकॉल का पालन होने का दावा
सीआरपीएफ की ओर से घटना के बाद किए गए आकलन में यह पाया गया कि 20 जुलाई को नीट विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान आरएएफ कर्मियों ने सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया था।
गौरतलब है कि देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर पूर्वोत्तर में उग्रवाद और मध्य भारत में नक्सलवाद से निपटने तक सीआरपीएफ की अहम भूमिका है। वहीं, आरएएफ सीआरपीएफ की विशेष इकाई है, जिसे दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और नागरिक अशांति जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.