वंदे मातरम् पर कांग्रेस के फैसले से भड़के अमित शाह, बोले- CWC ने लिया देश विरोधी फैसला

HIGHLIGHTS
- अमित शाह ने कांग्रेस के सीडब्ल्यूसी प्रस्ताव पर जताई नाराजगी
- वंदे मातरम् के दो पद गाने के फैसले को बताया तुष्टिकरण की नीति
- कांग्रेस के 1937 के प्रस्ताव का हवाला देकर साधा निशाना
चेंगलपट्टू। वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी ने एक प्रस्ताव पारित किया है। इसके तहत कांग्रेस ने राष्ट्रगीत के केवल दो पद गाने का फैसला किया है। इस फैसले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने देश विरोधी फैसला लिया है।
अमित शाह ने कहा, "1937 के अपने प्रस्ताव को मानते हुए कांग्रेस ने वंदे मातरम् के सिर्फ दो पद गाने का फैसला किया। मैं देश को याद दिलाना चाहता हूं कि 1937 में मुसलमानों को खुश करने के लिए वंदे मातरम् को बांटकर कांग्रेस ने देश के बंटवारे की नींव रखी थी।"
'कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति साबित हुई'
गृह मंत्री ने कहा, "आज नरेंद्र मोदी सरकार ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए कांग्रेस की उस गलती को सुधारा है और इसे कानूनी आधार भी दिया है। कांग्रेस का यह फैसला उसकी तुष्टिकरण की नीति को साबित करता है।"
अमित शाह ने आगे कहा, "उन्होंने न सिर्फ बंकिम बाबू की इस रचना का अपमान किया है, बल्कि उन लाखों लोगों का भी अपमान किया है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपनी जान दी। आज कांग्रेस पार्टी अपने 1937 के प्रस्ताव को तो लागू कर रही है, लेकिन संसद द्वारा बनाए गए कानून को नकार रही है।"
'देश एक बार गलती कर चुका है, अब नहीं करेगा'
बीजेपी के दिग्गज नेता ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मुझे हैरानी है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर तुष्टिकरण की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। देश एक बार वंदे मातरम् को दो हिस्सों में बंटने देने की गलती कर चुका है और हमने इसके नतीजे भुगते हैं। अब देश को कांग्रेस पार्टी के इस फैसले के खिलाफ एकजुट होना चाहिए और कहना चाहिए कि उनकी तुष्टिकरण की राजनीति अब नहीं चलेगी। बीजेपी कांग्रेस पार्टी के इस फैसले की निंदा करती है।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.