1984 दंगा मामले में उम्रकैद काट रहे पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार का निधन

HIGHLIGHTS
- पूर्व कांग्रेस सांसद और नेता सज्जन कुमार का 80 साल की उम्र में निधन हो गया।
- शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।
- सज्जन कुमार 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े दो मामलों में दोषी ठहराए गए थे।
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व सांसद और नेता सज्जन कुमार का गुरुवार को 80 साल की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। वह 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े दो मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे थे।
दोषी घोषित होने के बाद कांग्रेस से अलग हुए
सज्जन कुमार 1980 के दशक में उत्तर-पश्चिम और बाहरी दिल्ली सीट से कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। वह तीन बार 1980, 1991 और 2004 में लोकसभा सांसद चुने गए थे। बाहरी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी।
1984 के दंगों में नाम सामने आने के बाद उनका राजनीतिक करियर विवादों में घिर गया। वर्ष 2018 में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
34 साल बाद मिली थी उम्रकैद की सजा
वर्ष 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली में हुए सिख विरोधी दंगों में सज्जन कुमार पर भीड़ को उकसाने और हत्याओं में शामिल होने के आरोप लगे थे। करीब 34 साल तक चले कानूनी संघर्ष के बाद वर्ष 2018 में दिल्ली हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए उन्हें दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
इसके बाद 31 दिसंबर 2018 को सज्जन कुमार ने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.