अवैध खनन रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर जेसीबी चढ़ाने का प्रयास, बाइक क्षतिग्रस्त

HIGHLIGHTS
- वन विभाग की टीम बायल की पहाड़ियों में नियमित गश्त पर थी।
- कर्मचारियों ने जेसीबी से हो रहे खनन को रोकने का प्रयास किया।
- आरोप है कि चालक ने मशीन वनकर्मियों की ओर बढ़ा दी।
महेंद्रगढ़। बायल गांव की पहाड़ियों में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर जेसीबी चढ़ाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। जेसीबी को अपनी ओर आता देखकर वनकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उनकी सरकारी बाइक जेसीबी की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
वनकर्मियों को देखकर जेसीबी बढ़ाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के गार्ड सिकंदर, ग्रुप-डी कर्मचारी मोहन और माली संजय नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें बायल की पहाड़ियों में जेसीबी से अवैध खनन होता दिखाई दिया। वनकर्मियों ने जेसीबी को रोककर खनन बंद कराने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने जेसीबी रोकने के बजाय उसे वनकर्मियों की ओर बढ़ा दिया।
जेसीबी के नीचे आई सरकारी बाइक
जेसीबी को अचानक अपनी तरफ आता देखकर तीनों वनकर्मी वहां से भाग गए। उनकी सरकारी बाइक मौके पर ही रह गई, जो जेसीबी के नीचे आ गई और क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना के बाद वन विभाग के रेंज अधिकारी रजनीश और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी के नीचे फंसी सरकारी बाइक को बाहर निकलवाया।
बायल की पहाड़ियों में गश्त कर रहे थे वनकर्मी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जेसीबी संजय उर्फ माडू राम की बताई जा रही है और उसे वसीम चला रहा था। वन विभाग की ओर से मामले में पुलिस को शिकायत देने की तैयारी की जा रही है।
रेंज अधिकारी रजनीश ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वनकर्मी गश्त करते हुए बायल की पहाड़ियों में पहुंचे थे। वहां अवैध खनन रोकने के दौरान यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को दी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.