आईसीसी के फैसले को चुनौती नहीं देगा बांग्लादेश, बीसीबी ने किया साफ

आगामी टी20 विश्व कप को लेकर बांग्लादेश की टीम की भागीदारी को लेकर चल रहे विवाद का शनिवार को निपटारा हो गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को सूचित किया कि उनकी जगह स्कॉटलैंड को टीम में शामिल किया गया है। इसके बाद BCB ने साफ किया कि वह ICC के इस फैसले को चुनौती नहीं देगा।
BCB ने ICC के निर्णय को किया स्वीकार
बीसीबी की मीडिया समिति के अध्यक्ष अमजद हुसैन ने ढाका में शनिवार को बोर्ड बैठक के बाद बताया कि बोर्ड ने ICC के निर्णय को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि ICC ने स्पष्ट कर दिया था कि बांग्लादेश को या तो भारत में मैच खेलने आना होगा या मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट नहीं किया जा सकता। चूंकि भारत आना उनके लिए संभव नहीं था, इसलिए BCB ने किसी मध्यस्थता या कानूनी चुनौती का विकल्प नहीं चुना।
सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश ने भारत दौरे से किया इंकार
ICC बोर्ड की पिछली बैठक में बांग्लादेश को चेतावनी दी गई थी कि अगर टीम भारत नहीं आती है, तो उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जाएगा। इसके बाद BCB ने मामला बांग्लादेश सरकार के सामने रखा। सरकार ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भारत दौरे में आपत्ति जताई। इसी के बाद ICC ने क्वालिफिकेशन तालिका में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टीम में शामिल किया।
BCB बोर्ड निदेशक ने दिया इस्तीफा
अमजद हुसैन ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान BCB के बोर्ड निदेशक इश्तियाक सादेक ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से निर्णय लेने के बाद बोर्ड ने ICC को औपचारिक रूप से सूचित किया और 24 घंटे के भीतर जवाब देने के निर्देश का पालन किया।
इस कदम के साथ टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की टीम शामिल नहीं होगी और स्कॉटलैंड को उनका स्थान दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.